लखीसराय में सीनियर व अंडर-23 क्रिकेट टीम के चयन के लिए 13 फरवरी को ट्रायल

  • Post By Admin on Feb 12 2026
लखीसराय में सीनियर व अंडर-23 क्रिकेट टीम के चयन के लिए 13 फरवरी को ट्रायल

लखीसराय : जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लखीसराय जिला क्रिकेट संघ द्वारा सीनियर और अंडर-23 पुरुष टीम के चयन के लिए एक दिवसीय ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। यह ट्रायल शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को ऐतिहासिक गांधी मैदान में सुबह 9 बजे से शुरू होगा।

जिला क्रिकेट संघ के सचिव गौतम कुमार ने बताया कि ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जो पूर्व से संघ में निबंधित हैं। चयन प्रक्रिया व्हाइट लेदर बॉल से कराई जाएगी। सभी खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। बिना वैध कागजात और पंजीकरण के किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।

सचिव ने जानकारी दी कि सीनियर टीम के लिए चयनित खिलाड़ियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज 15 फरवरी 2026 तक जमा करने होंगे। वहीं जिले में घरेलू क्रिकेट सत्र की शुरुआत 20 फरवरी 2026 से प्रस्तावित है। उन्होंने सभी पात्र खिलाड़ियों से समय पर गांधी मैदान पहुंचने की अपील की है।

किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए खिलाड़ी जिला क्रिकेट संघ के सचिव गौतम कुमार से मोबाइल नंबर 94312 02165 पर संपर्क कर सकते हैं।