मुजफ्फरपुर : लालू यादव की बेटी मीसा भारती के एक बयान ने बिहार की राजनीति में खलबली मचा दी है । बीते दिनों मीसा भारती ने अपने चुनावी प्रचार के दौरान मीडिया से कहा कि "अगर जनता इंडी गठबंधन को मौका देती है तो प्रधानमंत्री से लेकर बीजेपी का हर नेता जेल में होगा।" मीसा भारती के बयान के बाद से बीजेपी में खलबली मच गई। सभी कार्यकर्ता और प्रवक्ता मीसा के इस बयान की कड़ी निन्दा कर रहे हैं।

वहीं, मुजफ्फरपुर में भाजपा नेत्री ममता रानी ने मीसा भारती के इस बयान की कड़ी निन्दा करते हुए कहा कि "ऐसे बयान बदले की भावना को दर्शाती है।" उन्होंने राजद सरकार के समय के घोटालों को याद कराते हुए कहा कि जो पार्टी और परिवार सर से पांव तक भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी हुई है वो प्रधानमंत्री को जेल में डालने की बात कर रहे हैं। ममता रानी ने पीएम मोदी कहा कि वर्तमान सरकार के पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में कोई घोटाला नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया है कि वे मोदी जी के रथ को 400 के पार कराने में हर संभव प्रयास करेंगी और इस बार मोदी जी का विजय रथ कोई नहीं रोक पाएगा।