सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर लखीसराय भाजपा इकाई ने दी बधाई

  • Post By Admin on May 09 2026
सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर लखीसराय भाजपा इकाई ने दी बधाई

लखीसराय : पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने और सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर लखीसराय भाजपा जिला इकाई ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा नेताओं ने इसे ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए युग की शुरुआत है।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भय, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास, राष्ट्रवाद और सुशासन के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू ने कहा कि बंगाल में भाजपा की यह ऐतिहासिक विजय पूरे देश के राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। अब पश्चिम बंगाल विकास और सुशासन के नए दौर में प्रवेश करेगा। जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल ने कहा कि बंगाल की जनता ने परिवर्तन के संकल्प के साथ भाजपा पर विश्वास जताया है। यह जीत लोकतंत्र और जनविश्वास की बड़ी विजय है।

भाजपा जिला मंत्री हिमांशु पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार बनने से पश्चिम बंगाल में युवाओं, किसानों और आम जनता को नई आशा और नई दिशा मिलेगी। वहीं भाजपा मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि बंगाल की जनता ने यह साबित कर दिया है कि राष्ट्रहित और विकास की राजनीति ही देश का भविष्य है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन केवल राजनीतिक परिवर्तन नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा की ऐतिहासिक विजय है। भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के आशीर्वाद से संगठन और अधिक मजबूत होगा। लखीसराय भाजपा परिवार की ओर से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को सफल और जनकल्याणकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।