TRE-4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ AIDSO का प्रदर्शन, CM का फूंका पुतला
- Post By Admin on May 09 2026
मुजफ्फरपुर : पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज और छात्राओं के साथ पुलिसकर्मियों के अमर्यादित व्यवहार के विरोध में शनिवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की मुजफ्फरपुर जिला कमिटी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एल.एस. कॉलेज परिसर से जुलूस निकाला गया और कॉलेज गेट पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन में शामिल छात्र-युवाओं ने “इंकलाब जिंदाबाद”, “TRE-4 का नोटिफिकेशन अविलंब जारी करो”, “TRE-1, 2 एवं 3 के पैटर्न पर ही TRE-4 परीक्षा आयोजित करो”, “छात्रों पर पुलिसिया दमन बंद करो” तथा “लाठीचार्ज क्यों? बिहार सरकार जवाब दो” जैसे नारे लगाए।
प्रतिवाद सभा को संबोधित करते हुए AIDSO जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया और महिला अभ्यर्थियों के साथ पुरुष पुलिसकर्मियों का रवैया बेहद शर्मनाक एवं निंदनीय था। उन्होंने बिहार सरकार से TRE-4 का नोटिफिकेशन जल्द जारी करने, अभ्यर्थियों के साथ वार्ता करने तथा लाठीचार्ज में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विरोध प्रदर्शन में आशुतोष कुमार, रूपा कुमारी, अभिषेक कुमार, अली अख्तर, कोमल कुमारी, करीना कुमारी, अक्षरा कुमारी, अन्वेष कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-युवा उपस्थित रहे।