झामुमो ने जारी किया अपना एग्जिट पोल 59 सीटों पर जीत का दावा, भाजपा ने किया पलटवार

  • Post By Admin on Nov 22 2024
झामुमो ने जारी किया अपना एग्जिट पोल 59 सीटों पर जीत का दावा, भाजपा ने किया पलटवार

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विधानसभा चुनाव को लेकर अपना एग्जिट पोल जारी किया है, जिसे उन्होंने 'एग्जैक्ट पोल' नाम दिया है। इस पोल में झामुमो और उसके सहयोगी दलों की 59 सीटों पर जीत का दावा किया गया है। झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि उनके अनुसार, राज्य के 11 जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खाता भी नहीं खोल पाएगी।

झामुमो का बड़ा दावा:
भट्टाचार्य ने कहा कि यह आकलन मतदाताओं के रुझान और जमीनी रिपोर्ट के आधार पर किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश एग्जिट पोल प्रायोजित हैं और वास्तविकता से कोसों दूर हैं। झामुमो ने दावा किया कि राजमहल, बरहेट, दुमका, रांची, हटिया और चक्रधरपुर समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।

भाजपा का पलटवार:
भाजपा ने झामुमो के इस एग्जिट पोल को ख्वाब बताया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 23 नवंबर को जब परिणाम आएंगे तब झामुमो को अपनी असल स्थिति का अंदाजा होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि झामुमो पहले से ही हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की तैयारी कर रहा है।

झारखंड में कड़ा मुकाबला:
राज्य में झामुमो और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है। झामुमो जहां इंडिया गठबंधन के तहत अपनी जीत के प्रति आश्वस्त है, वहीं भाजपा का दावा है कि जनता ने विकास के नाम पर उन्हें वोट दिया है।

अब 23 नवंबर को चुनाव परिणाम के साथ ही साफ हो जाएगा कि झामुमो का एग्जैक्ट पोल कितना सटीक है और भाजपा कितनी सीटों पर कब्जा जमाती है।