मोदी नेतृत्व में भारत बना वैश्विक शक्ति, भाजपा ने गिनाईं 12 वर्षों की उपलब्धियां
- Post By Admin on Jun 14 2026
लखीसराय : केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, लखीसराय द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह अवधि केवल सरकारी उपलब्धियों का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक प्रेरणादायी यात्रा का प्रतीक रही है।
मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई दिशा, नई ऊर्जा और नए संकल्पों के साथ प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी ताकत देशवासियों का विश्वास और सेवा भाव रहा है, जिसने भारत को विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों का केंद्र गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
श्री सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित की है। डिजिटल इंडिया, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और जनधन-आधार-मोबाइल (जैम) त्रिशक्ति के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया गया है, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और सरकारी संसाधनों की बचत सुनिश्चित हुई है।उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आधुनिक सड़कें, एक्सप्रेस-वे, रेलवे, हवाई अड्डे, बंदरगाह और डिजिटल नेटवर्क के विस्तार ने विकास की गति को नई रफ्तार दी है। वहीं आत्मनिर्भर भारत अभियान ने उत्पादन, नवाचार और रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा किए हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी लगातार बढ़ी है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में उपलब्धियां तथा वैश्विक मंचों पर भारत की प्रभावी भूमिका देश की बढ़ती ताकत का प्रमाण है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य केवल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि "विकसित भारत-2047" के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों की भागीदारी से भारत को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिला मंत्री हिमांशु पटेल ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा जनविश्वास, जनभागीदारी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नेतृत्व की सफलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नया भारत 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं और सहभागिता से निर्मित हो रहा है। प्रेस वार्ता में भाजपा महामंत्री अमरजीत प्रजापति, सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।