WIPO पेटेंट रैंकिंग में जियो का कमाल, ग्लोबल टॉप-20 में बनाई जगह

  • Post By Admin on Jun 14 2026
WIPO पेटेंट रैंकिंग में जियो का कमाल, ग्लोबल टॉप-20 में बनाई जगह

मुंबई : रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेक्नोलॉजी इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स ने वैश्विक नवाचार और बौद्धिक संपदा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी ऑर्गनाइजेशन (WIPO) की पेटेंट कोऑपरेशन ट्रीटी (PCT) रैंकिंग में जियो प्लेटफॉर्म्स 320 पायदान की ऐतिहासिक छलांग लगाकर वैश्विक टॉप-20 में शामिल हो गई है। इसके साथ ही जियो यह उपलब्धि हासिल करने वाली एकमात्र भारतीय टेक कंपनी बन गई है।

ताजा रैंकिंग में जियो प्लेटफॉर्म्स 20वें स्थान पर पहुंची है और अब उसका नाम हुआवेई, सैमसंग, क्वालकॉम, एलजी, पैनासोनिक, नोकिया, गूगल, एप्पल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी दुनिया की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनियों के साथ दर्ज हो गया है। कंपनी की पेटेंट रणनीति अगली पीढ़ी की डिजिटल तकनीकों पर केंद्रित है। जियो ने 5G, 5G एडवांस्ड, 6G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), AI-नेटिव नेटवर्क, क्लाउड-नेटिव प्लेटफॉर्म, इंटेलिजेंट ऑटोमेशन, रेडियो एक्सेस नेटवर्क, कोर नेटवर्क सॉफ्टवेयर, एज इंटेलिजेंस, नेटवर्क स्लाइसिंग और डिजिटल सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में व्यापक शोध एवं विकास कार्य किया है।

इस उपलब्धि पर जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने कहा कि WIPO की PCT रैंकिंग में ग्लोबल टॉप-20 में पहुंचना कंपनी के कई वर्षों के अनुसंधान, नवाचार और डीप-टेक क्षमताओं का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जियो में विकसित हो रही उन्नत तकनीकों की गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में उसकी बढ़ती पहचान को दर्शाती है। आकाश अंबानी ने इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को समर्पित करते हुए कहा कि यह भारत को तकनीक का केवल उपभोक्ता नहीं बल्कि निर्माता, स्वामी और निर्यातक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जियो भारत को वैश्विक डीप-टेक पावरहाउस बनाने की दिशा में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

विशेषज्ञों के अनुसार जियो की यह सफलता ऐसे समय में आई है जब वैश्विक स्तर पर PCT पेटेंट फाइलिंग की वृद्धि दर एक प्रतिशत से भी कम रही है। ऐसे माहौल में 320 स्थानों की छलांग कंपनी की अनुसंधान एवं विकास क्षमता और मजबूत बौद्धिक संपदा पोर्टफोलियो का प्रमाण मानी जा रही है। कंपनी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 31 मार्च 2026 तक जियो प्लेटफॉर्म्स ने कुल 6,817 पेटेंट आवेदन दाखिल किए हैं। इनमें 2,393 पेटेंट भारत में और 4,424 पेटेंट विदेशी बाजारों में फाइल किए गए हैं। अब तक कंपनी के 1,009 पेटेंट स्वीकृत हो चुके हैं, जिनमें 538 भारत तथा 471 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंजूर किए गए हैं।

जियो वर्तमान में 5G और 6G नेटवर्क, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, एजेंटिक एआई तथा JioBrain जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में भी निवेश और शोध कर रही है। कंपनी का कहना है कि उसके अधिकांश नवाचार ऐसे प्लेटफॉर्म और तकनीकों पर आधारित हैं जिन्हें बड़े पैमाने पर विकसित कर व्यावसायिक रूप से लागू किया जा रहा है। जियो प्लेटफॉर्म्स की यह उपलब्धि भारतीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है। यह दर्शाता है कि भारत अब केवल तकनीक का उपभोक्ता नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर नई तकनीकों के विकास और निर्यात में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।