सम्राट कैबिनेट का आज विस्तार, जेडीयू ने मांगे 16 मंत्रालय
- Post By Admin on May 07 2026
पटना : बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार गुरुवार को होने जा रहा है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बीच जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपने कोटे से 16 मंत्रियों को शामिल किए जाने की मांग रख दी है।
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर एनडीए के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार मंथन चल रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल गठन मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है, लेकिन पहले से यह तय है कि जेडीयू के हिस्से में 16 मंत्री रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय पार्टी के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार ही लेंगे।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता गुरुवार को पटना पहुंच रहे हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम राजनीतिक रूप से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले महीने नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद भाजपा नेतृत्व में पहली बार बिहार में सरकार बनी और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं जेडीयू के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया।
अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने मंत्रिमंडल का पहला विस्तार करने जा रहे हैं। गांधी मैदान में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
समारोह में एनडीए के सभी प्रमुख घटक दलों के नेता भी मौजूद रहेंगे। इनमें नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी सहित भाजपा, जेडीयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता शामिल होंगे। बिहार एनडीए के सांसदों और राज्य से जुड़े केंद्रीय मंत्रियों के भी कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है।