थलापति विजय का सियासी मास्टरस्ट्रोक, विपक्ष के तीन बड़े चेहरे TVK में शामिल

  • Post By Admin on Jul 03 2026
थलापति विजय का सियासी मास्टरस्ट्रोक, विपक्ष के तीन बड़े चेहरे TVK में शामिल

चेन्नई : तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने प्रमुख विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) को बड़ा झटका दिया है। मामल्लापुरम में आयोजित एक कार्यक्रम में AIADMK के तीन पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ TVK में शामिल हो गए। इस घटनाक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, सत्तारूढ़ DMK ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए 'वॉशिंग मशीन' वाला तंज कसा है।

टीवीके के महासचिव एन. आनंद की मौजूदगी में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सी. विजयभास्कर, पूर्व परिवहन मंत्री एम. आर. विजयभास्कर और AIADMK के वरिष्ठ नेता एम. एस. एम. आनंदन ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। एम. एस. एम. आनंदन करीब 45 वर्षों तक AIADMK से जुड़े रहे हैं। पार्टी में शामिल होने से पहले डॉ. सी. विजयभास्कर ने विरालीमलाई और एम. आर. विजयभास्कर ने करूर विधानसभा सीट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया।

टीवीके में शामिल होने के बाद नेताओं ने थलापति विजय के नेतृत्व और उनकी राजनीतिक सोच की सराहना की। पूर्व मंत्री एम. एस. एम. आनंदन ने कहा कि तमिलनाडु की राजनीति का भविष्य अब TVK में दिखाई देता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी बदलने के पीछे किसी तरह की खरीद-फरोख्त या दबाव का कोई मामला नहीं है। इस दौरान नेताओं ने AIADMK के मौजूदा नेतृत्व और पार्टी महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी पर भी निशाना साधा। टीवीके के मुख्य समन्वयक के. ए. सेंगोट्टैयन ने आरोप लगाया कि AIADMK अब एक राजनीतिक दल के बजाय कॉरपोरेट कंपनी की तरह संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के फैसलों से कार्यकर्ताओं में निराशा बढ़ी है और इसी वजह से कई वरिष्ठ नेता TVK का रुख कर रहे हैं।

उधर, इस राजनीतिक घटनाक्रम पर सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी की उपमहासचिव कनिमोई ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए तंज कसा कि उत्तर भारत में इस्तेमाल होने वाली 'वॉशिंग मशीन' अब तमिलनाडु भी पहुंच गई है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह मशीन गुटखा घोटाले के दाग भी साफ कर सकती है। वहीं, DMK के आईटी सेल ने पूर्व मंत्री एम. आर. विजयभास्कर के कथित 100 करोड़ रुपए के भूमि घोटाले के मामले का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री विजय से सवाल किया कि भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर चुके नेताओं को पार्टी में शामिल करने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी नैतिक स्थिति क्या रह जाती है। AIADMK के तीन प्रभावशाली नेताओं का TVK में शामिल होना राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटनाक्रम का असर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और राजनीतिक समीकरणों पर पड़ सकता है।