20 मिनट की मुलाकात से गरमाई बिहार की सियासत, जदयू में आरसीपी सिंह की वापसी की अटकलें तेज

  • Post By Admin on Jun 27 2026
20 मिनट की मुलाकात से गरमाई बिहार की सियासत, जदयू में आरसीपी सिंह की वापसी की अटकलें तेज

पटना : बिहार की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके 7, सर्कुलर रोड स्थित आवास पर मुलाकात की। करीब 20 मिनट तक चली इस मुलाकात के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में आरसीपी सिंह की जनता दल (यूनाइटेड) में संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मुलाकात के बाद आरसीपी सिंह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनकी नीतीश कुमार से आत्मीय बातचीत हुई। वहीं, मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार के साथ 25 वर्षों से अधिक समय तक काम किया है और वर्ष 2005 से 2010 के बीच बिहार सरकार के स्वर्णिम दौर के साक्षी रहे हैं। जदयू में वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा, "हमें जदयू में ही मानकर चलिए।" आरसीपी सिंह कभी नीतीश कुमार के सबसे करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे। हालांकि, केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद दोनों नेताओं के रिश्तों में दूरी आ गई थी और बाद में उन्होंने जदयू छोड़कर अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई। लेकिन नई राजनीतिक पारी उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं दिला सकी।

पिछले कुछ समय से आरसीपी सिंह लगातार यह कहते रहे हैं कि नीतीश कुमार और उनके परिवार के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध कभी समाप्त नहीं हुए। हाल के महीनों में वे कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी नीतीश कुमार के साथ दिखाई दिए, जिससे उनकी वापसी की अटकलों को और बल मिला। हालांकि, जदयू या आरसीपी सिंह की ओर से अभी तक पार्टी में वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बावजूद इसके, शनिवार की यह मुलाकात आगामी दिनों में बिहार की राजनीति में संभावित बदलाव के संकेत के रूप में देखी जा रही है।