बिहार विधान परिषद चुनाव में आज नामांकन का आखिरी दिन, कई सीटों पर आमने-सामने महागठबंधन के दल

  • Post By Admin on Oct 06 2026
बिहार विधान परिषद चुनाव में आज नामांकन का आखिरी दिन, कई सीटों पर आमने-सामने महागठबंधन के दल

पटना : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राज्य की सियासत तेज हो गई है। चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। चुनावी मैदान में विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के अलग-अलग उम्मीदवार उतरने से कई सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर निर्धारित है। चुनाव कार्यक्रम आगे बढ़ने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारना शुरू कर दिया है।

सबसे अधिक चर्चा विपक्षी महागठबंधन के भीतर सीटों को लेकर बनी स्थिति की है। राजद, कांग्रेस और वाम दलों के उम्मीदवार कई निर्वाचन क्षेत्रों में एक-दूसरे के सामने आ गए हैं। इससे उन सीटों पर मुकाबला सीधे तौर पर गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच भी दिखाई दे रहा है। कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में दो के बजाय तीन सहयोगी दलों के प्रत्याशी मैदान में होने से चुनावी समीकरण और जटिल हो गए हैं। सोमवार को भी कई प्रमुख उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें भाजपा के नवल किशोर यादव, जदयू के नीरज कुमार, कांग्रेस के मदन मोहन झा और सीपीआई के संजय कुमार सिंह समेत अन्य प्रत्याशी शामिल रहे। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के अभिषेक झा और जन सुराज के ऋषि अग्रवाल ने भी नामांकन दाखिल किया है।

चुनाव में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है। अब नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 9 अक्टूबर तक तस्वीर और साफ होगी कि किस सीट पर कितने उम्मीदवार अंतिम रूप से मैदान में रहेंगे। इसके बाद राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार अभियान को तेज करेंगे।