मुजफ्फरपुर : प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बिहार सरकार मात्र पांच लोगों के भरोसे चल रही है, जिसमें विधायक और मंत्री की कोई सुनवाई नहीं होती। उन्होंने नीतीश कुमार पर अफसरशाही का राज कायम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 13 करोड़ बिहारियों का भविष्य केवल नीतीश कुमार और उनके द्वारा चुने गए चार सेवानिवृत्त अधिकारियों के हाथ में है, जिनकी न तो कोई संवैधानिक जिम्मेदारी है और न ही जनता के प्रति जवाबदेही।
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश सरकार ने सत्ता का इतना केंद्रीकरण कर दिया है कि यहां न केवल आम जनता, बल्कि विधायक और सांसद भी अनसुने रह जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अफसरशाही का जंगलराज चल रहा है, जिसमें अधिकारी दिनदहाड़े भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। प्रशांत किशोर ने लालू प्रसाद यादव के समय से तुलना करते हुए कहा कि जहां उस दौर में अपराधी रात में लूटपाट करते थे, वहीं नीतीश कुमार के शासन में अधिकारी दिन में ही कलम के माध्यम से लूटपाट कर रहे हैं। उन्होंने इस अफसरशाही के चलते बिहार में भ्रष्टाचार के तेजी से बढ़ने की भी बात कही।




















