60 साल पुराना राजनीतिक दौर टूटा, अभिनेता विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री

  • Post By Admin on May 10 2026
60 साल पुराना राजनीतिक दौर टूटा, अभिनेता विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। इसके साथ ही राज्य में करीब छह दशक से जारी डीएमके और एआईएडीएमके के सत्ता परिवर्तन का दौर टूट गया।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं समेत नौ अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया। शनिवार को भाजपा, कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के समर्थन के बाद विजय को सरकार बनाने का न्योता मिला था। 234 सदस्यीय विधानसभा में उन्हें 120 विधायकों का समर्थन हासिल हुआ, जिसके बाद सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया। टीवीके ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटों पर जीत दर्ज की, हालांकि विजय खुद दो सीटों से निर्वाचित हुए हैं और उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके और आईयूएमएल ने भी विजय को समर्थन दिया है।

शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। विजय के मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है। इसमें महिला और अनुसूचित जाति समुदाय को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने कहा कि उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम करेगी और चुनावी घोषणापत्र के सभी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय ने बेहद कम समय में बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है। फरवरी 2024 में बनी उनकी पार्टी टीवीके ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय लिख दिया।

विजय लंबे समय तक तमिल सिनेमा के सुपरस्टार रहे हैं। उन्होंने राजनीति में आने के बाद खुद को धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय की राजनीति से जोड़ते हुए जनता के बीच मजबूत पकड़ बनाई। उनकी पहली राजनीतिक रैली में भारी भीड़ उमड़ी थी, जिसके बाद से ही उन्हें तमिलनाडु की राजनीति का नया चेहरा माना जाने लगा था। अब सभी की नजर विजय सरकार के पहले फैसलों और तमिलनाडु की नई राजनीतिक दिशा पर टिकी हुई है।