संगीत, रैंप वॉक और यादगार पलों के साथ GNIOT में मना प्रारब्ध 2026 फेयरवेल समारोह
- Post By Admin on May 10 2026
ग्रेटर नोएडा: जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में पीजीडीएम बैच 2024–26 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित वार्षिक विदाई समारोह “प्रारब्ध 2026” उत्साह, संगीत और भावनात्मक पलों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों और जोशपूर्ण माहौल के बीच अपने कॉलेज जीवन की यादों को खास अंदाज में संजोया।
शनिवार शाम आयोजित इस समारोह का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायक एवं कलाकार राउल की लाइव प्रस्तुति रही। उनके गीतों और ऊर्जावान परफॉर्मेंस ने पूरे माहौल को रोमांच से भर दिया। विद्यार्थियों ने संगीत की धुनों पर जमकर आनंद लिया और समारोह को यादगार बना दिया।कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन डॉ. राजेश कुमार गुप्ता, वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वदेश कुमार सिंह, निदेशक डॉ. भूपेंद्र कुमार सोम और कार्यकारी निदेशक डॉ. रुचि रायत सहित संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। अपने संबोधन में निदेशक डॉ. भूपेंद्र कुमार सोम ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों, संघर्षशीलता और बदलते दौर में खुद को स्थापित करने की क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को उद्योग जगत की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है।
संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने बताया कि पीजीडीएम बैच 2024–26 के विद्यार्थियों को लगभग शत-प्रतिशत प्लेसमेंट ऑफर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कॉर्पोरेट प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराता है, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता को मजबूती मिलती है। विदाई समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं बहुप्रतीक्षित रैम्प वॉक कार्यक्रम का सबसे आकर्षक केंद्र रहा, जहां विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और शैली का बेहतरीन प्रदर्शन किया। समारोह में विभिन्न उपाधियों के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। मिस्टर मैजेस्टिक का खिताब दिव्यांशु, मिस दीवा का खिताब अनुष्का शर्मा, मिस्टर शोस्टॉपर हेमंत केसरी, मिस शोस्टॉपर आयुषी देओपा, मिस्टर फेयरवेल यश सिंह, मिस फेयरवेल अपूर्वा अग्रवाल, मिस्टर जीआईएमएस कमल गुप्ता और मिस जीआईएमएस मोहिनी राठौर को दिया गया।
कार्यक्रम का समापन कार्यकारी निदेशक डॉ. रुचि रायत के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों, आयोजन समिति और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। “प्रारब्ध 2026” ने विद्यार्थियों को न केवल अविस्मरणीय यादें दीं, बल्कि यह संस्थान की विद्यार्थियों के समग्र विकास और उन्हें भविष्य के सक्षम नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।