भारत ने दिखाई मिसाइल ताकत, एडवांस्ड अग्नि प्रणाली का सफल परीक्षण

  • Post By Admin on May 09 2026
भारत ने दिखाई मिसाइल ताकत, एडवांस्ड अग्नि प्रणाली का सफल परीक्षण

नई दिल्ली : भारत ने अपनी सामरिक ताकत को और मजबूत करते हुए ओडिशा तट से एडवांस्ड अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह परीक्षण डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया, जिसमें मिसाइल ने एमआईआरवी तकनीक के साथ कई पेलोड लेकर सफल उड़ान भरी। परीक्षण के दौरान भारतीय सेना और डीआरडीओ के वैज्ञानिकों ने मिशन की हर गतिविधि पर नजर रखी और सभी लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किए गए।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल में लगी एमआईआरवी (मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टारगेटेबल री-एंट्री व्हीकल) तकनीक इसे बेहद आधुनिक और घातक बनाती है। इस तकनीक के जरिए एक ही मिसाइल से कई वॉरहेड अलग-अलग दिशाओं में भेजे जा सकते हैं, जो अलग-अलग लक्ष्यों पर सटीक हमला करने में सक्षम होते हैं। इससे कम लॉन्च में ज्यादा लक्ष्य साधे जा सकते हैं और दुश्मन के मिसाइल डिफेंस सिस्टम के लिए इसे रोकना कठिन हो जाता है। अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षण के दौरान मिसाइल की उड़ान की निगरानी कई ग्राउंड स्टेशनों और समुद्र में तैनात जहाजों के जरिए की गई। मिसाइल ने निर्धारित मार्ग का पूरी तरह पालन किया और सभी पेलोड अपने तय लक्ष्यों तक पहुंचे। फ्लाइट डेटा के विश्लेषण में मिशन के पूरी तरह सफल होने की पुष्टि हुई है। यह उन्नत मिसाइल प्रणाली डीआरडीओ की विभिन्न प्रयोगशालाओं ने देश की कई रक्षा उद्योग कंपनियों के सहयोग से विकसित की है।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस सफल परीक्षण से भारत की रणनीतिक और जवाबी कार्रवाई क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। एमआईआरवी तकनीक से लैस मिसाइलें लंबी दूरी तक कई लक्ष्यों पर एक साथ हमला करने में सक्षम होती हैं, जिससे भारत की डिटरेंस क्षमता और मजबूत होगी। विशेषज्ञ इसे भारत की आधुनिक सैन्य तैयारियों की दिशा में अहम उपलब्धि मान रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षण पर डीआरडीओ, भारतीय सेना और सभी इंडस्ट्री पार्टनर्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश की रक्षा शक्ति को नई मजबूती देने वाली है और आधुनिक सैन्य तकनीक के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है।