सदर अस्पताल के जनरल वार्ड में गर्मी से बेहाल मरीज, निजी पंखे लगाने को मजबूर

  • Post By Admin on Sep 12 2024
सदर अस्पताल के जनरल वार्ड में गर्मी से बेहाल मरीज, निजी पंखे लगाने को मजबूर

मुजफ्फरपुर : सदर अस्पताल के जनरल वार्ड में मरीजों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। भीषण गर्मी के कारण वार्ड के अंदर का वातावरण असहनीय हो चुका है, और मरीज अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते अपने घरों से टेबल फैन और स्टैंड फैन लेकर आने को मजबूर हैं।

अस्पताल में पंखे की व्यवस्था पर्याप्त न होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को निजी पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है। अस्पताल में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर मरीजों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है, और अब गर्मी ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दिया है। मरीजों का कहना है कि अस्पताल में पंखों की हालत खराब है, कई पंखे पूरी तरह से बंद पड़े हैं, जिससे गर्मी से बचने का कोई उपाय नहीं बचता।

अस्पताल प्रशासन की इस अनदेखी के कारण वार्ड में भर्ती मरीजों का इलाज करवाना कठिन हो गया है, क्योंकि असहनीय गर्मी से उनका स्वास्थ्य और बिगड़ रहा है। हालांकि, प्रशासन की तरफ से अभी तक इस समस्या को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।