सदर अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए 10 बेड का वार्ड तैयार
- Post By Admin on Sep 12 2024

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल में डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए गुरुवार को 10 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा नोडल चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सक और नर्सों की टीम भी तैनात की गई है, जो डेंगू से पीड़ित मरीजों की देखभाल में तत्पर रहेंगी। डेंगू की रोकथाम के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वे अपने घरों के आसपास पानी न जमा होने दें, क्योंकि जमा हुआ गंदा पानी डेंगू मच्छरों के पनपने का मुख्य स्रोत है। इस बीमारी से जान का भी खतरा बना रहता है।
सदर अस्पताल के अधीक्षक बी.एस. झा ने बताया कि फिलहाल अस्पताल में कोई डेंगू का मरीज भर्ती नहीं है, लेकिन संभावित मरीजों के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हालांकि, अस्पताल के ठीक बाहर की मुख्य सड़क पर नाले का पानी जमा रहता है, जिससे सड़क पर काई जमी रहती है। यही सड़क लोगों के आने-जाने का मुख्य रास्ता है, लेकिन वर्षों से यहां पानी और गंदगी का यही हाल है। शौचालय भी सड़क किनारे बने होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।