लखीसराय से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, चार पहिया वाहन के साथ दो धंधेबाज गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 08 2026
लखीसराय से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, चार पहिया वाहन के साथ दो धंधेबाज गिरफ्तार

लखीसराय:l : जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्यनिषेध थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मद्यनिषेध इकाई ने कजरा थाना क्षेत्र के राजघाट पर छापेमारी कर 560.880 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए शराब की तस्करी में संलिप्त दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक चार पहिया वाहन भी मौके से जब्त कर लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध पुलिस को राजघाट इलाके में वाहन के जरिए अवैध विदेशी शराब की खेप लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की और वाहन की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवादा जिले के काशीचक थाना अंतर्गत भागवतपुर निवासी 21 वर्षीय चालक मनीष कुमार (पिता- रामवृक्ष सिंह) और पटना जिले के सालिमपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी 50 वर्षीय दीनानाथ पासवान (पिता- जयकिशुन पासवान) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी शराब बेचने का काम कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।