लखीसराय में एमएसएमई केंद्र का उद्घाटन, 'एमएसएमई मित्र' करेंगे उद्यमियों की सीधी मदद
- Post By Admin on Oct 08 2026
लखीसराय : राज्य में औद्योगिक विकास की गति को तेज करने और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को लखीसराय जिला उद्योग केंद्र में ‘एमएसएमई केंद्र’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा राज्यव्यापी स्तर पर सभी जिलों में ऑनलाइन माध्यम से किए गए उद्घाटन के क्रम में लखीसराय में भी इस केंद्र की विधिवत शुरुआत हुई। यह केंद्र जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों के लिए 'सिंगल विंडो' की तरह कार्य करेगा, जहाँ उन्हें प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय मार्गदर्शन एक ही छत के नीचे सुलभ कराया जाएगा।
इस केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य जिले के मौजूदा व नए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना, उनकी आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाना और बैंक ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित कर उनके कारोबार को नई ऊंचाई देना है। केंद्र पर नए और पुराने उद्यमों के लिए 'उद्यम पंजीकरण' की ऑनलाइन सहायता उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा स्थानीय विनिर्माण इकाइयों को गुणवत्तापूर्ण व पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु 'जेड प्रमाणन' (Zero Defect, Zero Effect) के प्रति भी प्रशिक्षित व मार्गदर्शित किया जाएगा।
उद्यमियों को पूंजी की कमी न हो, इसके लिए केंद्र पर पीएमईजीपी, पीएमएफएमई, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और सीजीटीएमएसई जैसी प्रमुख योजनाओं के तहत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, ऑनलाइन आवेदन दाखिल करने और बैंकों से लिंकेज कराने में पूर्ण सहयोग मिलेगा। साथ ही ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी), क्लस्टर विकास, सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग, निर्यात प्रोत्साहन और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान की व्यवस्था भी यहाँ की गई है।
जमीनी स्तर पर उद्यमियों की समस्याओं को दूर करने के लिए उद्योग विभाग ने विशेष रूप से प्रशिक्षित ‘एमएसएमई मित्रों’ की तैनाती की है। ये मित्र नए कारोबारियों, महिला उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों को कागजी कार्रवाई से लेकर बैंक और सरकारी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कराने तक हैंडहोल्डिंग सहायता प्रदान करेंगे, जिससे योजनाओं के लाभ में होने वाली प्रक्रियात्मक देरी खत्म हो सके। जिला प्रशासन के अनुसार यह केंद्र स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने और जिले में उद्योग-अनुकूल परिवेश तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगा।