लखीसराय : जिले में जीविका के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखपति दीदी सर्वे, वीपीआरपी सर्वे, जिला जेंडर फोरम और जल-जीवन-हरियाली सहित अन्य कार्यक्रमों की प्रखंडवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता कुमारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में जीविका की उपलब्धियों और संचालित गतिविधियों की जानकारी जिलाधिकारी को दी। इसके बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लखपति दीदी सर्वे की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लखपति बन चुकी जीविका दीदियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सर्वे की गति तेज करने और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों के बीच आरएफ और आईसीएफ की राशि अधिक से अधिक वितरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय सहायता समय पर लाभार्थियों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि महिलाएं अपने व्यवसाय और आजीविका संबंधी गतिविधियों को शुरू कर सकें तथा उन्हें आगे बढ़ाने में सक्षम हों। बैठक में जिलाधिकारी ने पिपरिया स्थित एसजेवाई भवन को जल्द जीविका को समर्पित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। वहीं, चानन प्रखंड परिसर में जीविका दीदी अधिकार केंद्र के अंतर्गत ग्राहक सेवा केंद्र के संचालन के लिए कार्यालय उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में डीआरडीए के निदेशक नीरज कुमार सहित जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक, विभिन्न विषयगत प्रबंधक, प्रशिक्षण अधिकारी और सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे।
















