लखीसराय : राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में लखीसराय जिले में ‘नई चेतना अभियान-05’ का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष अभियान का विषय ‘भागीदारी से नेतृत्व तक- सशक्त नारी, आजीविका और समान अवसर के साथ विकसित भारत की नई उड़ान’ रखा गया है। अभियान के तहत जीविका दीदियां महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता, समान अधिकार और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगी।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर लखीसराय की जीविका दीदियों ने समान अधिकार, समान सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने के साथ लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। साथ ही दहेज मुक्त विवाह और बाल विवाह उन्मूलन के लिए भी प्रतिबद्धता जताई। ‘नई चेतना-05’ अभियान 23 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान जिले के सभी प्रखंडों में गठित स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों और संकुल स्तरीय संघों के माध्यम से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना तथा उन्हें आजीविका और विकास के अवसरों से जोड़ना है।अभियान के सफल संचालन में जीविका दीदियों द्वारा संचालित दीदी अधिकार केंद्र भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, समानता, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
















