मुजफ्फरपुर : विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के तहत एलएनटी कॉलेज में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में लंगट सिंह महाविद्यालय के छात्र ऋषिकेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। अंग्रेजी ऑनर्स (सत्र 2024-28) के छात्र ऋषिकेश ने अपनी प्रभावी प्रस्तुति और विचारों के दम पर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त करने के बाद ऋषिकेश कुमार का चयन विधानसभा में आयोजित होने वाले भाषण कार्यक्रम के लिए किया गया है। इस कार्यक्रम में वे मुजफ्फरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से लंगट सिंह महाविद्यालय सहित शहर में खुशी का माहौल है। ऋषिकेश की सफलता को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. दीपिका कुमारी एवं उप समन्वयक डॉ. दिवाकर चौधरी ने ऋषिकेश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के शिक्षकों और सहपाठियों ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए विधानसभा में मुजफ्फरपुर का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
















