मुजफ्फरपुर : संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर 6 दिसंबर को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ‘सामाजिक समरसता और डॉ. अंबेडकर की दृष्टि’ विषय पर विशेष व्याख्यान होगा, जिसमें सामाजिक समरसता, अंबेडकर के विचारों और उनके दृष्टिकोण पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व डीआईजी डॉ. सुकन पासवान ‘प्रज्ञा चक्षु’ शामिल होंगे। वहीं, विशिष्ट वक्ता के तौर पर विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर एवं राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विपिन कुमार राय अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय करेंगे।आयोजन में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र संगठनों के प्रतिनिधि, अंबेडकरवादी समिति के सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. विपिन कुमार राय की अध्यक्षता में अंबेडकर आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं और विभिन्न सदस्यों को सौंपे जाने वाले दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को गरिमामय एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
बैठक में कार्यक्रम संयोजक डॉ. विनोद कुमार बैठा, सिंडिकेट सदस्य डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. कुमार शर्तेंदु शहर, डॉ. विजय कुमार, डॉ. वीरेंद्र चौधरी, उमाशंकर दास, डॉ. ललित किशोर, गौरव कुमार, कुंदन कुमार समेत आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
















