लखीसराय : लखीसराय संग्रहालय में आयोजित सात दिवसीय विश्व विरासत सप्ताह का बुधवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में 19 से 25 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम के समापन समारोह में जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल 23 प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और कलम देकर सम्मानित किया।

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडलाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी आशुतोष कुमार तथा जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी चौबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। शुभकरण त्रिवेणी कनोडिया वेद विद्यापीठ, अशोकधाम के बटुकों ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया, जबकि लाल इंटरनेशनल स्कूल, लखीसराय की छात्राओं ने स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि लखीसराय ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध जिला है। यहां सात राजकीय संरक्षित विरासत स्थल मौजूद हैं, जो जिले की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं। इन धरोहरों का संरक्षण और संवर्धन सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विरासत सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूक बनाने के साथ उनके संरक्षण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने की। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों को जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, उसके महत्व और संरक्षण-संवर्धन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जिलाधिकारी और अपर समाहर्ता ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल कुल 23 प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं कलम देकर सम्मानित किया। विरासत सप्ताह के सफल आयोजन और संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार तथा कार्यक्रम समन्वयक एवं राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक पीयूष कुमार झा को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समन्वय पीयूष कुमार झा एवं संग्रहालय के तकनीकी सहायक राजेश कुमार ने किया। मंच संचालन शिक्षक सुशांत कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन तकनीकी सहायक राजेश कुमार ने प्रस्तुत किया। समारोह का समापन बिहार राज्य गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रभारी कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीरज कुमार, केएसएस कॉलेज लखीसराय के प्राचार्य डॉ. अमित कुमार, प्रधानाध्यापक जयप्रकाश कुमार, ललन कुमार, मनोरंजन कुमार, सुधा कुमारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और प्रतिभागी उपस्थित रहे।