मुजफ्फरपुर: माय युवा भारत, मुजफ्फरपुर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रामेश्वर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 25 नवंबर को महाविद्यालय के किशोरी सिन्हा सभागार में विकसित भारत युवा संवाद एवं संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और विकसित भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी स्मृति सैनी, दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. रजनी रंजन, यूथ आइकॉन संजीव सिंह एवं निशा कुमारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सकारात्मक सोच, रचनात्मक ऊर्जा और सामाजिक प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं से संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में संवैधानिक चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के विकास के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ाने का माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

यूथ आइकॉन संजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल आदर्शों से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल सिद्धांतों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत जिला युवा अधिकारी स्मृति सैनी ने किया। संचालन एनएसएस के पूर्व स्वयंसेवक विनीत कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुमित्रा कुमारी ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।