शराबबंदी कानून का उल्लंघन पड़ा भारी, महिलाओं समेत 13 गिरफ्तार
- Post By Admin on May 03 2026
लखीसराय : जिले में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए मद्यनिषेध इकाई ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। 2 मई 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत जिला मुख्यालय सहित विभिन्न ग्रामीण इलाकों में छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने लखीसराय स्टेशन परिसर, कजरा थाना क्षेत्र के सहमालपुर, पीरीबाजार के अभयपुर और तेतरहाट समेत कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान अवैध चुलाई शराब की खेप बरामद की गई। कार्रवाई में संजय मांझी के पास से सबसे अधिक 15 लीटर शराब जब्त की गई। वहीं, सहमालपुर से सरस्वती देवी और रेखा देवी को अवैध शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। अभयपुर से बादल कुमार को 2 लीटर शराब के साथ पकड़ा गया।
अभियान के दूसरे चरण में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पोखरामा से तीन, तेतरहाट से चार और बड़हिया से दो लोगों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में सन्तु कुमार, बीरेन्द्र कुमार, कृष कुमार, राजगीर मांझी, मुकेश यादव, लक्ष्मण कुमार यादव, चंदन कुमार यादव, नवल पंडित और मान राउत शामिल हैं।
मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।