किऊल जंक्शन पर दो महिला चोर गिरफ्तार, चार सोने की चेन बरामद
- Post By Admin on May 10 2025

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल के किऊल जंक्शन पर सुरक्षा अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाई करते हुए दो महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं के पास से चार सोने की चेन बरामद की गई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 मई की शाम लगभग 4:50 बजे किऊल जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 4 (झाझा साइड) पर एंबुश और गुप्त छापेमारी के दौरान इन दोनों महिलाओं को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि ये चारों चेन उन्होंने लखीसराय स्टेशन पर एक ट्रेन से चोरी की थीं।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुभावती देवी (50), पति- स्व. पन्नीलाल और नीतू कुमारी (50), पति- किशन कुमार, दोनों निवासी भगवान बाजार, थाना भगवान बाजार, जिला छपरा के रूप में हुई है।
इस कार्यवाई में RPF पोस्ट किऊल के निरीक्षक प्रशांत कुमार, आरक्षी शिव शंकर कुमार तथा GRP किऊल के प्रभारी अवर निरीक्षक रामबालक सिंह और महिला आरक्षी राजश्री कुमारी शामिल रहे।
गिरफ्तारी के बाद दोनों महिलाओं को उनके अपराध से अवगत कराते हुए सभी मानवाधिकार नियमों का पालन करते हुए जीआरपी किऊल को सौंपा गया। इस संबंध में GRP किऊल द्वारा कांड पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाई जल्द की जाएगी।