लखीसराय में शराबबंदी पर सख्ती, छापेमारी में बेचने और पीने वाले गिरफ्तार

  • Post By Admin on May 06 2026
लखीसराय में शराबबंदी पर सख्ती, छापेमारी में बेचने और पीने वाले गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में मद्य निषेध अभियान के तहत उत्पाद एवं पुलिस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी कर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इस दौरान चुलाई शराब बरामद की गई और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, काजीपुर नगर क्षेत्र में छापेमारी के दौरान कैलाश कुमार के पास से करीब 60 लीटर चुलाई शराब एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए जमीला देवी के पास से 2 लीटर तथा बुधनी देवी के पास से 1 लीटर चुलाई शराब जब्त की गई। संतर मोहल्ला और लखीसराय स्टेशन क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए शराब सेवन के आरोप में कई लोगों को पकड़ा गया, जिनमें बलराम कुमार, अनंत कुमार और काली चरण चौधरी शामिल हैं। इसी तरह सूर्यगढ़ा एवं बड़हिया थाना क्षेत्रों में भी शराब पीने के आरोप में गजानंद कुमार, बमबम मांझी और भीम मांझी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।