पश्चिम बंगाल : एक और भाजपा नेता की हत्या, तृणमूल के पूर्व विधायक पर आरोप

  • Post By Admin on May 02 2023
पश्चिम बंगाल : एक और भाजपा नेता की हत्या, तृणमूल के पूर्व विधायक पर आरोप

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता की हत्या कर दी गई। पूर्व मेदिनीपुर जिला के मोयना में सोमवार शाम हुए इस हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत है। भाजपा ने मंगलवार सुबह इसका विवरण जारी किया है।

भाजपा ने कहा है-' मोयना के बूथ अध्यक्ष विजय कृष्ण दौलुई सपत्नीक घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें पत्नी के सामने रोककर पीटा गया। इसके बाद वह घर चले गए। कुछ समय बाद बाइक से तृणमूल के कई नेता उनके घर पहुंचे और उन्हें उठा कर ले गए। फिर उनकी हत्या कर शव घर से कुछ दूरी पर फेंक दिया।'

इस घटना के विरोध में मोयना से भाजपा के विधायक अशोक डिंडा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया है। डिंडा ने आरोप लगाया है कि इस हत्याकांड में मोयना से तृणमूल के पूर्व विधायक संग्राम दोलुई का हाथ है। इस आरोप पर पूर्व विधायक संग्राम से मोबाइल फोन पर प्रतिक्रिया के लिए संपर्क किया गया। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। तृणमूल कांग्रेस ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस भी चुप्पी साधे हुए है।

उल्लेखनीय है कि 2021 में दो मई को ही पश्चिम बंगाल चुनाव मतगणना का नतीजा घोषित किया गया था। इसके बाद पूरे प्रदेश में हिंसा हुई थी। इस हिंसा में 60 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार दिया गया था। भाजपा आज दो मई को 'काला दिवस' के तौर पर मना रही है।