सौंदर्यीकरण के नाम पर खेल, संसार पोखर में अवैध खनन का आरोप

  • Post By Admin on May 06 2026
सौंदर्यीकरण के नाम पर खेल, संसार पोखर में अवैध खनन का आरोप

लखीसराय : जिले के ऐतिहासिक एवं आस्था से जुड़े संसार पोखर के सौंदर्यीकरण कार्य के बीच अवैध मिट्टी कटाव का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया गया है कि खनन नियमों को दरकिनार कर पोखर से जरूरत से अधिक मिट्टी की कटाई कर उसकी बिक्री की जा रही है, जबकि नगर प्रशासन और जिला प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, संसार पोखर का धार्मिक और पौराणिक महत्व है और इससे लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। दुर्गा पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान यहां प्रतिमा विसर्जन भी किया जाता है। पोखर के चारों ओर घनी आबादी बसी हुई है, जिससे इसकी सुरक्षा और संरचना और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आरोप है कि अत्यधिक मिट्टी कटाव के कारण पोखर काफी गहरा हो गया है, जिससे भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो यह गंभीर खतरे का कारण बन सकता है।

कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि खनन विभाग, नगर प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पोखर के सौंदर्यीकरण और लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए किया जाएगा। इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।