बाइक सवार बदमाशों ने किसान को गोली मार की हत्या 

  • Post By Admin on Oct 11 2024
बाइक सवार बदमाशों ने किसान को गोली मार की हत्या 

समस्तीपुर : जहाँ आज पूरा देश मां सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा अर्चना में लगे हैं। वही, बिहार के समस्तीपुर जिले में बदमाशों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी है। जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर मुसहरी टोल में बाइक पर सवार बदमाशों ने 50 वार्षिय किसान अरविन्द कुमार चौधरी को गोली मार दी। बदमाशों ने शुक्रवार सुबह करीब सात बजे इस वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि, किसान अरविंद सब्जी बेचने के लिए ताजपुर स्थित मोतीपुर सब्जी मंडी जा रहे थे। उसी बीच बदमाशों ने उन्हें गोली मारी। गोली किसान की कनपटी में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान ही  उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक किसान सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर के निवासी थे। इस घटना के संबंध में एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि, पुलिस घटना की तहकीकात में जुट गयी है।

समस्तीपुर पुलिस अब पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाल रही है। इसी से संदिग्ध बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रहा है ताकि उनकी गिरफ्तारी की जा सके। इसके लिए मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी शुरू कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि मृतक के पुत्र ने पूर्व के विवाद को घटना का कारण बताया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

वही अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये मुआवजा देने एवं बढ़ते हत्या-अपराध पर रोक लगाने की मांग की है। माले के सरायरंजन प्रखंड सचिव राजकुमार पासवान के नेतृत्व में माले की एक टीम मृतक के घर पहुंच परिजनों को ढाढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।