नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स में 50% तक की कटौती, जानिए नया नियम कैसे करेगा आपकी जेब पर असर
- Post By Admin on Jul 06 2025

नई दिल्ली : लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स की दरों में 50 प्रतिशत तक की कटौती का ऐलान किया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए नई अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके तहत अब कई हाईवे रूट्स पर टोल टैक्स की गणना के तरीके में बड़ा बदलाव किया गया है।
नए नियमों के अनुसार, अब उन हाईवे मार्गों पर जहां पुल, सुरंग, फ्लाईओवर या एलिवेटेड रोड मौजूद होंगे, वहां टोल की गणना दो अलग-अलग फार्मूले से होगी। पहला, उस संरचना (जैसे फ्लाईओवर आदि) की लंबाई को 10 गुना करके सामान्य सड़क की लंबाई में जोड़ा जाएगा। दूसरा, पूरी संरचना की लंबाई को 5 गुना करके गणना की जाएगी। इन दोनों में से जो भी कम होगा, उसी के आधार पर टोल टैक्स तय होगा।
किसे मिलेगा फायदा?
-
एक्सप्रेस-वे और लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ।
-
बाइपास और रिंग रोड से सफर करने वाले लोगों की जेब पर पड़ेगा कम भार।
-
ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स इंडस्ट्री को भी मिलेगा राहत, जिससे माल ढुलाई सस्ती हो सकती है।
सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद यात्रियों के खर्च को कम करना और टोल प्रणाली को अधिक न्यायसंगत और पारदर्शी बनाना है। यह बदलाव विशेषकर उन मार्गों के लिए अहम है, जहां संरचनात्मक निर्माण ज्यादा है और यात्रियों को कम दूरी के बावजूद भारी टोल देना पड़ता था।
विशेषज्ञों की राय
ट्रांसपोर्ट विशेषज्ञों का मानना है कि इससे सड़क यातायात की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे ईंधन पर खर्च और समय की भी बचत होगी।
यह नया टोल नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में हाईवे पर सफर करना पहले की तुलना में सस्ता और सुविधाजनक हो जाएगा।