पूर्व पीएम पी.वी. नरसिम्हा राव को जयंती पर राष्ट्र की श्रद्धांजलि, पीएम मोदी बोले- विकास पथ के प्रभावी मार्गदर्शक

  • Post By Admin on Jun 28 2025
पूर्व पीएम पी.वी. नरसिम्हा राव को जयंती पर राष्ट्र की श्रद्धांजलि, पीएम मोदी बोले- विकास पथ के प्रभावी मार्गदर्शक

नई दिल्ली : देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर आज राष्ट्र ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय और राज्यस्तरीय नेताओं ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए सोशल मीडिया पर सम्मानपूर्वक संदेश साझा किए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर उन्हें याद करते हुए लिखा, “विकास पथ के महत्वपूर्ण चरण के दौरान उनके प्रभावी नेतृत्व के लिए भारत उनका आभारी है। उनकी बुद्धि, ज्ञान और विद्वत्तापूर्ण स्वभाव की व्यापक रूप से प्रशंसा की जाती है।” पीएम मोदी के इस संदेश को देश के विकास में नरसिम्हा राव के ऐतिहासिक योगदान की स्वीकृति के तौर पर देखा जा रहा है।

नेताओं ने गिनाया योगदान, बताया युगद्रष्टा
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नरसिम्हा राव ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने लिखा, “आपको आपके अभिनव प्रयासों के लिए सदैव याद किया जाएगा।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें "सच्चा राष्ट्रभक्त, विद्वान और युगद्रष्टा" बताते हुए लिखा कि उनकी नीतियां और विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें "आर्थिक सुधारों का शिल्पकार" कहा और लिखा, “उनके नेतृत्व में भारत ने नई आर्थिक दिशा की ओर कदम बढ़ाया। उनका योगदान वैश्विक मंच पर भारत की पहचान को सुदृढ़ करने में अमूल्य रहा है।”

आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार रहे राव
उल्लेखनीय है कि पी.वी. नरसिम्हा राव को 1991 में आर्थिक उदारीकरण की ऐतिहासिक प्रक्रिया शुरू करने का श्रेय दिया जाता है, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धी और खुला बनाया। उनके कार्यकाल में देश ने आर्थिक सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिनका प्रभाव आज भी अर्थव्यवस्था पर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

उनकी जयंती पर देशभर में उन्हें श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ याद किया गया।