नई दिल्ली : देश के प्रसिद्ध फोटोग्राफर रघु राय का निधन हो गया है। उन्होंने अपने कैमरे के जरिए भारत के विभिन्न पहलुओं को दुनिया के सामने पेश किया और खास तौर पर भोपाल गैस त्रासदी की तस्वीरों को कैद कर अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल की थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघु राय ने रविवार तड़के दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 83 वर्ष के थे। उनके बेटे और फोटोग्राफर नितिन राय ने बताया कि पिछले दो सालों से वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। हाल ही में उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर हो गई थी।

रघु राय को भारतीय फोटोग्राफी के क्षेत्र में एक बड़ा नाम माना जाता है। उन्होंने अपने लंबे करियर में सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक घटनाओं को अपने कैमरे में कैद किया। भोपाल गैस त्रासदी की उनकी तस्वीरें आज भी उस दर्दनाक हादसे की सजीव गवाही देती हैं।

उनके निधन से कला और फोटोग्राफी जगत में शोक की लहर है। विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया है।