नई दिल्ली : भारत की बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और पूर्व कॉमनवेल्थ चैंपियन पारुपल्ली कश्यप ने अपनी 7 साल पुरानी शादी को खत्म करने का निर्णय लिया है। इस बात की जानकारी खुद साइना ने रविवार देर रात एक भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए दी, जिसमें उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने की बात कही।

साइना ने लिखा, “जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग रास्तों पर ले जाती है। काफी सोच-विचार के बाद, हमने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने लिए शांति, तरक्की और राहत का चुनाव कर रहे हैं। हम साथ बिताए लम्हों के लिए आभारी हैं और भविष्य के लिए एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं। हमारी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।”

हालांकि, पारुपल्ली कश्यप की ओर से इस खबर पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि साइना और कश्यप की मुलाकात 1997 में एक बैडमिंटन कैंप के दौरान हुई थी। दोनों ने हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद अकादमी में वर्षों तक साथ प्रशिक्षण लिया और यहीं से उनका निजी रिश्ता भी गहराता चला गया। दिसंबर 2018 में दोनों ने शादी कर ली थी।

बैडमिंटन जगत की यह जोड़ी लंबे समय तक प्रेरणा का स्रोत बनी रही। साइना ने जहां 2012 लंदन ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा और 2015 में वर्ल्ड नंबर-1 बनीं, वहीं कश्यप ने 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक और 2012 ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर देश का गौरव बढ़ाया।

उनके अलग होने की खबर ने खेल जगत और प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है, जहां प्रशंसक उनके फैसले का सम्मान करते हुए दोनों के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

यह फैसला निश्चित रूप से एक युग के अंत जैसा महसूस हो सकता है, लेकिन दोनों खिलाड़ियों के योगदान और उपलब्धियां हमेशा याद की जाएंगी।