नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ पर इस साल एक अनोखा नजारा दिखा। इतिहास में पहली बार गणतंत्र दिवस की परेड में सीमा सुरक्षा बल के ऊंट सवारों की टुकड़ी में महिलाएं नजर आईं। 26 जनवरी की परेड में गुरुवार को बीएसएफ की ऊंट सवार टुकड़ी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। पहली बार बीएसएफ की ऊंट सवार टुकड़ी में महिला कर्मियों ने पुरुष जवानों के साथ भाग लिया।

बीएसएफ ने बताया कि प्रख्यात डिजाइनर राघवेंद्र राठौड़ ने इन महिला ऊंट सवारों की पोशाक तैयार की थी। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों की लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी। एक अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ के पूर्व महानिदेशक पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर 15-20 महिलाकर्मियों को ऊंटसवार टुकड़ी में शामिल होने का प्रशिक्षण दिया गया था। देश में महिला जवानों का पहला ऊंट जत्था राजस्थान के खाजूवाला में 25 सितंबर को लॉन्च किया गया था। यही जत्था पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हुआ है। ऊंट दस्ते में शामिल महिलाएं गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं। महिला जवानों के लिए विशेष शाही वर्दी डिजाइन कि गई हैं, जिनमें भारत की शिल्प कलाओं को उकेरा गया है।

बीएसएफ के मुताबिक, वर्दियों पर 400 साल पुरानी डंका तकनीक के जरिये हाथ से जरदोजी का काम किया गया है। वर्दी में राजस्थान के मेवाड़ में पहनी जाने वाली विशेष पगड़ी भी शामिल है।