प्रधानमंत्री मोदी समेत देशभर के नेताओं ने आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर दी श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Sep 11 2025
.jpg)
नई दिल्ली : आचार्य विनोबा भावे की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देशभर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में आचार्य विनोबा भावे को भारत के प्रमुख आध्यात्मिक नेता, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी बताया। उन्होंने कहा कि विनोबा भावे का जीवन गांधीवादी आदर्शों को फैलाने और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आचार्य विनोबा भावे के भूदान आंदोलन और उनके समाज सुधार के प्रयासों को याद करते हुए कहा कि करुणा, अहिंसा और निस्वार्थ सेवा पर आधारित उनके आदर्श हमेशा राष्ट्र निर्माण में प्रेरणा देंगे।
केंद्रीय पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने उन्हें सच्चे संत और गांधीजी के आध्यात्मिक उत्तराधिकारी बताते हुए उनके जीवन को करुणा और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण बताया। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी विनोबा भावे को दूरदर्शी विचारक और समाज सुधारक करार देते हुए उनके जीवन को प्रेरणास्पद बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके सादगीपूर्ण और शुचितापूर्ण जीवन को जन-जन के लिए पाथेय बताया और भूदान आंदोलन के प्रति उनके योगदान को याद किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विनोबा भावे के भूदान और सर्वोदय आंदोलन को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श गरीब, वंचित और पिछड़े वर्ग के जीवन में आशा और परिवर्तन का संचार करते हैं।
देशभर के नेताओं ने इस अवसर पर आचार्य विनोबा भावे के त्याग, समर्पण और सामाजिक योगदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।