त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पितृपक्ष पर नारायण नागबली पूजा, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

  • Post By Admin on Sep 11 2025
त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पितृपक्ष पर नारायण नागबली पूजा, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

नासिक : पितृपक्ष के पवित्र अवसर पर महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए विशेष पूजा ‘नारायण नागबली’ का आयोजन किया गया। देशभर से हजारों श्रद्धालु इस धार्मिक स्थल पर पहुंचे और अपने पितरों के उद्धार की कामना की।

त्र्यंबकेश्वर के पुरोहित संघ के अध्यक्ष मनोज विनायक थेटे ने आईएएनएस को बताया कि पितृपक्ष के इन पुण्य दिनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ती है। उन्होंने कहा कि नारायण नागबली पूजा केवल त्र्यंबकेश्वर में ही संपन्न होती है और इसे करने से ही उसका पूर्ण फल प्राप्त होता है। यही कारण है कि यह पूजा किसी अन्य मंदिर, मठ या आश्रम में नहीं की जाती।

थेटे ने आगे बताया कि त्र्यंबकेश्वर में गोदावरी और अहिल्या नदियों का संगम, जिसे शटकुल कहा जाता है, पितृदोष निवारण और पितरों की सद्गति के लिए सर्वोत्तम स्थान माना जाता है। धर्मशास्त्रों और शंकराचार्य परंपरा के अनुसार इसी स्थल पर नारायण नागबली जैसी विशेष पूजा की जाती है।

पितृपक्ष के चलते त्र्यंबकेश्वर इस समय धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों से जीवंत नजर आ रहा है। श्रद्धालु विभिन्न अनुष्ठानों में भाग लेकर अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और कल्याण की कामना कर रहे हैं।