एलपीजी संकट की खबरों पर पीएम मोदी का बयान, बोले– कुछ लोग फैला रहे हैं पैनिक

  • Post By Admin on Mar 13 2026
एलपीजी संकट की खबरों पर पीएम मोदी का बयान, बोले– कुछ लोग फैला रहे हैं पैनिक

नई दिल्ली : मध्य पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध अब क्षेत्रीय संकट का रूप लेता जा रहा है। इस बीच एलपीजी संकट की खबरों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर डर का माहौल बना रहे हैं।

दिल्ली में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य पूर्व में चल रहा युद्ध पूरी दुनिया को ऊर्जा संकट की ओर धकेल रहा है और इसका असर लगभग सभी देशों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है और हर जरूरी कदम उठा रही है।

प्रधानमंत्री ने एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही खबरों पर कहा कि कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए पैनिक पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाहें फैलाने वाले लोग देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं और जनता के सामने उनकी सच्चाई भी सामने आ रही है।

वहीं जमीनी स्तर पर मध्य पूर्व में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में 10 बैलिस्टिक मिसाइलों और 26 ड्रोनों को मार गिराया गया है। इन हमलों में अब तक छह विदेशी नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।

सऊदी अरब ने शायबाह तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। वहीं रियाद के पास अल-खर्ज क्षेत्र में नागरिक सुरक्षा चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा बहरीन और कुवैत में भी लगातार हवाई हमलों के सायरन बजने की खबरें सामने आ रही हैं और कुवैत की सेना ने लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

इस बीच इजरायल ने अपनी सैन्य कार्रवाई तेज करते हुए तेहरान में बसीज बलों के ठिकानों पर बमबारी की है। वहीं बेरूत में लेबनानी विश्वविद्यालय पर हुए हमले में दो वरिष्ठ शिक्षाविदों की मौत हो गई, जिसकी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने कड़ी निंदा की है।

ऊर्जा संकट की आशंका को देखते हुए इटली ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के साथ मिलकर अपने रणनीतिक भंडार से लगभग 9.966 मिलियन बैरल तेल जारी करने का निर्णय लिया है, ताकि वैश्विक बाजार में कीमतों को स्थिर रखा जा सके।