तेल आपूर्ति पर सरकार का आश्वासन, कहा– अफवाहों से बचें, कोई कमी नहीं
- Post By Admin on Mar 13 2026
नई दिल्ली : देश में एलपीजी और ईंधन संकट की अफवाहों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि भारत में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में कहा कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और भारत के पास इस समय पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार मौजूद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और फर्जी जानकारी पर विश्वास न करें।
उन्होंने बताया कि भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है। वर्तमान में देश के पास जितना तेल उपलब्ध है, वह होर्मुज जलडमरूमध्य से मिलने वाली आपूर्ति से भी अधिक है।
पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सक्रिय कूटनीतिक पहल और मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों के कारण भारत ने पर्याप्त कच्चे तेल की व्यवस्था कर ली है। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद भारत ने अपने ऊर्जा आयात के स्रोतों को विविध बनाया है, जिससे देश अब केवल पश्चिम एशिया पर निर्भर नहीं है।
उन्होंने बताया कि भारत लगभग 40 देशों से कच्चा तेल आयात करता है, जिससे अलग-अलग मार्गों के माध्यम से ऊर्जा आपूर्ति जारी रहती है। मौजूदा अंतरराष्ट्रीय तनाव के बावजूद देश में ईंधन की उपलब्धता पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
मंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि घरेलू उपभोक्ताओं को संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) और पाइप्ड प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की पर्याप्त आपूर्ति मिलती रहे। उन्होंने दोहराया कि सरकार देश के हर घर तक सस्ती और बिना रुकावट ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस बीच विदेश मंत्रालय ने भी कहा है कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच जहाजों की सुरक्षा और भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार करीबी नजर बनाए हुए है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार विदेश मंत्री एस. जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री के बीच हाल के दिनों में तीन बार बातचीत हो चुकी है। इस बातचीत में जहाजों की सुरक्षा और भारत की ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई है, हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है।