वॉशिंगटन फायरिंग पर पीएम मोदी का सख्त संदेश, बोले—लोकतंत्र में हिंसा अस्वीकार्य

  • Post By Admin on Apr 26 2026
वॉशिंगटन फायरिंग पर पीएम मोदी का सख्त संदेश, बोले—लोकतंत्र में हिंसा अस्वीकार्य

नई दिल्ली : अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और ऐसी घटनाओं की एकजुट होकर निंदा की जानी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि इस घटना के बाद यह जानकर राहत मिली कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं। उन्होंने सभी की कुशलता की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं।

वहीं, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि शांति में विश्वास रखने वालों के लिए हिंसा कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप और कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों की सुरक्षा की कामना की।

दरअसल, वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और राष्ट्रपति ट्रंप समेत सभी शीर्ष अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हमलावर को पकड़ लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी अकेले इस घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था और उसके पास हथियार भी मौजूद था।

इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तत्परता और साहस की सराहना की। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां घटना के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही हैं।