पांच दिवसीय विदेश यात्रा पर पीएम मोदी, करेंगे कनाडा, साइप्रस और क्रोएशिया की यात्रा
- Post By Admin on Jun 14 2025
.jpg)
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 से 19 जून तक पांच दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वे साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया का दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत के वैश्विक कूटनीतिक और रणनीतिक संबंधों को और गहराई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
पीएम मोदी 15-16 जून को साइप्रस की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। वे राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और लिमासोल में व्यापारिक समुदाय को भी संबोधित करेंगे। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की दो दशक बाद साइप्रस यात्रा होगी। माना जा रहा है कि यह दौरा यूरोपीय संघ और भूमध्यसागरीय क्षेत्र के साथ भारत के सहयोग को गति देगा।
इसके बाद पीएम मोदी कनाडा के कनानास्किस शहर में 17-18 जून को आयोजित होने वाले G-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह उनकी छठी बार जी-7 मंच पर उपस्थिति होगी। सम्मेलन में वे ऊर्जा सुरक्षा, उभरती तकनीकों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और वैश्विक आर्थिक स्थिरता जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। मोदी की इस यात्रा के दौरान कई द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। उन्हें कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने आमंत्रित किया है।
यात्रा के अंतिम चरण में पीएम मोदी 18 जून को क्रोएशिया पहुंचेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच के साथ उच्च स्तरीय वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति जोरान मिलनोविच से शिष्टाचार भेंट करेंगे। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली आधिकारिक यात्रा होगी, जिससे दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
भारत के विदेश मंत्रालय ने इस दौरे को रणनीतिक रूप से अहम बताते हुए कहा है कि साइप्रस और क्रोएशिया जैसे यूरोपीय देशों के साथ यह पहली उच्चस्तरीय भागीदारी व्यापार, संस्कृति और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में नए अवसर खोलेगी। वहीं, G-7 सम्मेलन में भारत की भागीदारी से वैश्विक मुद्दों पर देश की प्रभावी उपस्थिति फिर से प्रमाणित होगी।