वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जन्मदिन पर पीएम मोदी समेत दिग्गज नेताओं की शुभकामनाएं
- Post By Admin on Aug 18 2025

नई दिल्ली : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी और देश की आर्थिक प्रगति में उनके योगदान की सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शुभकामना संदेश में लिखा, “वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके प्रयास विकसित और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मैं उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सीतारमण ऊर्जा और उत्साह से परिपूर्ण नेता हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी बधाई देते हुए कहा कि वित्त मंत्री का दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र की आर्थिक वृद्धि के प्रति समर्पण पूरे देश को प्रेरित करता है।
निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को तमिलनाडु के मदुरै में हुआ था। उन्होंने जेएनयू से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर किया और राजनीति में आने से पहले कॉर्पोरेट क्षेत्र में कार्य किया। साल 2006 में भाजपा से जुड़ने के बाद उन्होंने तेज़ी से अपनी पहचान बनाई। 2017 में वह भारत की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री बनीं और वर्तमान में देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री के रूप में सेवाएं दे रही हैं।