बिहारियों के लिए विदेश में नौकरी का रास्ता आसान, सरकार बनाएगी स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर
- Post By Admin on Aug 12 2026
नई दिल्ली: बिहार के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का रास्ता अब और आसान होने जा रहा है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर स्थापित करने का फैसला किया है, जो भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के सहयोग से संचालित होगा। इस केंद्र के माध्यम से बिहार के इच्छुक युवाओं को विभिन्न देशों में रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार यह पहल बिहार राज्य ओवरसीज प्लेसमेंट ब्यूरो के तहत की जा रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं के लिए वैश्विक रोजगार अवसरों का मार्ग तैयार करना है। सरकार का दावा है कि इससे विदेश में नौकरी के इच्छुक युवाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित प्लेटफॉर्म मिलेगा। केंद्र की खासियत यह होगी कि खाड़ी देशों, यूरोप, पूर्वी एशिया और अन्य प्रमुख देशों में नैतिक एवं पारदर्शी प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाएगा। युवाओं को अनधिकृत एजेंटों और बिचौलियों के चक्कर में नहीं पड़ना होगा। यह केंद्र ब्लू कॉलर और व्हाइट कॉलर दोनों तरह की नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराएगा। तकनीकी, निर्माण, मशीनरी और अन्य कौशल आधारित कार्यों के लिए ब्लू कॉलर रोजगार तथा प्रशासनिक, प्रबंधन और बौद्धिक कार्यों के लिए व्हाइट कॉलर रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है। विदेश जाने से पहले युवाओं को प्रस्थान पूर्व अभिमुखीकरण प्रशिक्षण (PDOT) भी दिया जाएगा। इसमें संबंधित देश के कानून, प्रवासी श्रमिकों के अधिकार, सांस्कृतिक व्यवहार, कार्यस्थल की आचार संहिता और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय मांग को देखते हुए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण और कौशल उन्नयन कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। विभाग की योजना के अनुसार विदेश जाने वाले श्रमिकों का डिजिटल डाटा तैयार किया जाएगा तथा चिकित्सा जांच, बीमा और अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं भी इसी केंद्र के माध्यम से सुनिश्चित की जाएंगी। सरकार का मानना है कि यह पहल बिहार के युवाओं को सुरक्षित तरीके से वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।