दौसा सड़क हादसे पर राष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने जताया शोक, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
- Post By Admin on Aug 13 2025

नई दिल्ली : राजस्थान के दौसा जिले में खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप और कंटेनर की टक्कर में 11 लोगों की मौत और 20 से अधिक के घायल होने की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला और राज्य मंत्री किरोड़ी लाल मीणा सहित कई नेताओं ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “दौसा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूं।”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा, “बच्चों और महिलाओं की मृत्यु का समाचार जानकर मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी घटना पर गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लिखा, “दौसा में भीषण सड़क हादसे का समाचार बेहद व्यथित करने वाला है। प्रभु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।”
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि शोकाकुल परिजनों को ईश्वर धैर्य और संबल दें। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
राज्य मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने मौके पर पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित, त्वरित और नि:शुल्क उपचार के निर्देश दिए और प्रशासन को हरसंभव सहायता देने को कहा।
यह हादसा बुधवार को दौसा-मनोहरपुर रोड पर बापी के पास हुआ था, जिसमें मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई थी और एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा था।