वैश्विक तेल संकट का असर, नायरा एनर्जी ने बढ़ाए पेट्रोल और डीजल के दाम
- Post By Admin on Mar 26 2026
नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी का असर अब घरेलू ईंधन बाजार पर भी दिखने लगा है। देश की प्रमुख निजी ईंधन रिटेलर कंपनी Nayara Energy ने गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक यह फैसला वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई हालिया तेजी के कारण लिया गया है। West Asia में जारी युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है।
बताया जा रहा है कि 28 फरवरी के बाद से अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं भारत में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें लंबे समय से स्थिर बनी हुई थीं, जिसके कारण ईंधन विपणन कंपनियों पर लागत का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में घरेलू बाजार में ईंधन कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है।