सरकार का बड़ा फैसला : जिन घरों में PNG कनेक्शन, उन्हें LPG सिलेंडर करना होगा सरेंडर
- Post By Admin on Mar 25 2026
नई दिल्ली : देश में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बदलते हालात के बीच सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को एलपीजी (LPG) सिलेंडर सरेंडर करना होगा। यदि PNG कनेक्शन होने के बावजूद उपभोक्ता LPG का इस्तेमाल जारी रखते हैं, तो उनकी गैस सप्लाई बंद की जा सकती है।
बताया जा रहा है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष, मिडिल ईस्ट में तनाव और Strait of Hormuz जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में बढ़ते जोखिम के कारण भारत में ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ा है। ऐसे में सरकार एक ही ईंधन पर निर्भरता कम कर ऊर्जा नेटवर्क को अधिक मजबूत बनाना चाहती है।
विशेषज्ञों के अनुसार PNG को अपेक्षाकृत सुरक्षित, सस्ता और लगातार उपलब्ध रहने वाला ईंधन माना जाता है। यही कारण है कि जिन शहरों में PNG नेटवर्क उपलब्ध है, वहां इसे प्राथमिकता देने की योजना बनाई जा रही है।
दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में ऐसे लाखों घर हैं जहां PNG और LPG दोनों कनेक्शन मौजूद हैं। सरकार लगातार ऐसे उपभोक्ताओं को अलर्ट भेज रही है कि वे LPG कनेक्शन सरेंडर करें, अन्यथा कार्रवाई की जा सकती है।
सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य भविष्य में किसी भी वैश्विक संकट या आपूर्ति बाधा की स्थिति में गैस की उपलब्धता को बेहतर बनाए रखना और ऊर्जा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना है।