कांग्रेस के पूर्व विधायक जय किशन का निधन, पार्टी में शोक की लहर
- Post By Admin on Apr 18 2025

नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चार बार विधायक रहे जय किशन का 66 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी को गहरा आघात पहुंचा है। जय किशन न सिर्फ दिल्ली की सुल्तानपुरी विधानसभा सीट के लोकप्रिय प्रतिनिधि थे, बल्कि वे कांग्रेस के एक मजबूत दलित चेहरे के रूप में भी जाने जाते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि जय किशन के निधन से कांग्रेस परिवार ने एक सच्चा जनसेवक खो दिया है। वे समाज के वंचित और दलित वर्ग के लिए संघर्ष करने वाले एक प्रतिबद्ध नेता थे। उन्होंने चार बार सुल्तानपुरी से विधायक रहकर जनता की निःस्वार्थ सेवा की। इसके अलावा वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर भी रहे।
जय किशन के पार्थिव शरीर को सुल्तानपुरी के वाई ब्लॉक स्थित श्मशान घाट ले जाया गया, जहां उनके बड़े बेटे राहुल ढाका ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के समय कांग्रेस के कई कार्यकर्ता, पूर्व विधायक, पदाधिकारी और स्थानीय लोग भारी संख्या में मौजूद थे। इस मौके पर हर आंख नम थी और लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी जय किशन को श्रद्धांजलि दी। मल्लिकार्जुन खरगे ने शोक संतप्त परिवार से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी और पार्टी की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि जय किशन जी पार्टी के लिए हमेशा समर्पित रहे और उन्होंने दलित समाज के उत्थान के लिए पूरी जिंदगी संघर्ष किया। कांग्रेस पार्टी उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी। उनकी सादगी, संघर्ष और सेवा भावना उन्हें राजनीति और समाज में एक खास स्थान दिलाती है।
जय किशन का जाना न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि दिल्ली की राजनीति के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।