नई दिल्ली : टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों और यात्रा में बाधा को खत्म करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार देर रात फास्टैग को लेकर एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों (जैसे कार, जीप, वैन) के लिए ₹3,000 की कीमत में फास्टैग आधारित वार्षिक पास लॉन्च किया जा रहा है, जो 15 अगस्त 2025 से देशभर में लागू होगा।
यह वार्षिक पास एक वर्ष या अधिकतम 200 टोल यात्राओं तक मान्य रहेगा और इसका उद्देश्य यात्रियों को लागत प्रभावी, तेज और बिना बाधा के सफर का अनुभव देना है।
मंत्री गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए लिखा,"यह वार्षिक पास पूरे देश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध और सुविधाजनक यात्रा को संभव बनाएगा।" उन्होंने बताया कि इसका रजिस्ट्रेशन और नवीनीकरण जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप, एनएचएआई और सड़क परिवहन मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
गडकरी ने विशेष रूप से उन लोगों के लिए इसे राहत भरा फैसला बताया, जो किसी टोल प्लाजा के 60 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं और जिन्हें रोजाना यात्रा करनी पड़ती है।
फिलहाल जो यात्री बार-बार किसी खास टोल से गुजरते हैं, उन्हें पता प्रमाण और अन्य दस्तावेज देकर मासिक पास बनवाना पड़ता है जिसकी लागत ₹340 प्रति माह यानी ₹4,080 प्रति वर्ष है। इसके मुकाबले नया वार्षिक पास न सिर्फ सस्ता, बल्कि ज्यादा सुविधाजनक और लचीला होगा।
सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से टोल प्लाजा पर जाम और प्रतीक्षा समय में कमी आएगी और लाखों वाहन चालकों को सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।























