अहमदाबाद : जैसे जैसे समय बीत रहा है चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के विनाशकारी होने की संभावनाएं बढ़ती जा रही हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, अगले 6 घंटे में चक्रवात बिपरजॉय अति गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। वहीं मौसम विभाग ने राहत की भी खबर दी है। बिपरजॉय तूफान का गुजरात के तट से टकराने का अनुमान नहीं है। चक्रवात पोरबंदर कोस्ट से 200-300 किलोमीटर की दूरी से गुजरने का पूर्वानुमान जताया गया है, पर 15 जून तक गुजरात में आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में उत्तर-उत्तरपश्चिम की तरफ बढ़ने से पहले इसके धीरे-धीरे उत्तर-उत्तरपूर्व की तरफ बढ़ने का अनुमान है। अहमदाबाद मौसम विभाग केंद्र की डायरेक्टर ने बताया कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय वर्तमान में पोरबंदर से 600 किमी दूर है। जैसे-जैसे ये आगे की तरफ बढ़ेगा, पोर्ट सिग्नल अलर्ट इसके अनुसार बदल जाएंगे। इस वक्त बिपजॉय चक्रवात के पोरबंदर से 200-300 किमी और कच्छ के नलिया से 200 किमी दूर से गुजरने का अनुमान है।
मछुआरों को अगले 5 दिन तक अरब सागर में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। मछली पकड़ने की सभी एक्टिविटीज को स्थगित कर दिया गया है।
























